KNEWS DESK- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। इस चरण में 18 जिलों की कुल 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। राज्य के कई दिग्गज नेता अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा जैसे प्रमुख नेताओं के साथ कई अन्य उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दांव पर है।
समस्तीपुर जिले के जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव के मतदान केंद्र संख्या 73 पर एक विशेष नजारा देखने को मिला। यहां जननायक कर्पूरी ठाकुर के पुत्र और राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर सुबह ठीक 7 बजे से पहले ही मतदान केंद्र पहुंच गए और कतार में लगकर अपना वोट डाला।
रामनाथ ठाकुर ने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य है। वे 1967 से ही हर चुनाव में सबसे पहले मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डालते रहे हैं। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र का यह महापर्व हर नागरिक की भागीदारी से ही सफल होता है। मैंने हमेशा यही कोशिश की है कि लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करूं।”
समस्तीपुर जिले में पहले चरण के तहत 10 विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। महिलाओं और युवाओं में भी उत्साह देखा जा रहा है।
चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोरोना काल के दौरान भी मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लिया था, और इस बार भी लोगों में वही जोश नजर आ रहा है।
पहले चरण का मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा, और आयोग को उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। बिहार के मतदाता एक बार फिर अपने जनप्रतिनिधियों को चुनने के लिए लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।