जाकिर खान ने स्टैंडअप कॉमेडी से लिया लंबा ब्रेक, हेल्थ पर फोकस करने का किया ऐलान

KNEWS DESK- पॉपुलर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने कॉमेडी से लंबे ब्रेक का ऐलान कर अपने फैंस को चौंका दिया है। जाकिर ने साफ किया है कि वह अपनी सेहत और निजी जिंदगी से जुड़े कुछ अहम पहलुओं पर ध्यान देने के लिए अगले चार से पांच साल तक स्टैंड-अप कॉमेडी से दूरी बनाए रखेंगे। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है और फैंस उनके फैसले को लेकर भावुक नजर आ रहे हैं।

हाल ही में हैदराबाद में अपने स्टैंड-अप शो ‘स्पेशल पापा यार’ के दौरान जाकिर खान ने स्टेज से यह बड़ा खुलासा किया। उन्होंने दर्शकों से बात करते हुए कहा कि वह 2028-29 या संभवतः 2030 तक लंबे ब्रेक पर जाने की योजना बना रहे हैं। जाकिर के मुताबिक, यह ब्रेक तीन से पांच साल का हो सकता है, जिसमें वह अपनी हेल्थ का ख्याल रखने के साथ-साथ कुछ निजी मामलों को भी सुलझाना चाहते हैं।

स्टेज पर मौजूद दर्शकों के प्रति आभार जताते हुए जाकिर ने कहा कि वहां बैठे सभी लोग उनके दिल के बेहद करीब हैं और उनका प्यार व समर्थन उनके लिए बहुत मायने रखता है। उन्होंने फैंस का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह हमेशा उनके आभारी रहेंगे।

इस ऐलान के बाद जाकिर खान ने 20 जनवरी, मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि उनका यह फैसला पूरी तरह से पक्का है और वह सच में लंबे समय के लिए ब्रेक लेने जा रहे हैं।

फिलहाल जाकिर खान देश के अलग-अलग शहरों में ‘स्पेशल पापा यार’ शो के जरिए दर्शकों को एंटरटेन कर रहे हैं। ऐसे में उनके इस फैसले ने फैंस को भावुक कर दिया है, लेकिन साथ ही लोग उनकी सेहत को प्राथमिकता देने के फैसले का सम्मान भी कर रहे हैं।