योगी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द, 75 साल की आयु सीमा और नए चेहरों का हो सकता है समावेश

KNEWS DESK-  उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार जल्द होने वाला है। महाकुंभ और विधानसभा सत्र के समापन के बाद इस दिशा में काम तेज़ी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा हाईकमान ने मंत्रिमंडल विस्तार के लिए अपनी रणनीति और होमवर्क पूरा कर लिया है। इस विस्तार में दो-तीन मंत्रियों को उनके पद से हटाया जा सकता है, वहीं तीन-चार नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, पार्टी उन नेताओं को होली का तोहफा देने की योजना बना रही है, जिन्होंने लंबे समय से पार्टी के लिए काम किया है। इसके अलावा, कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव हो सकता है। जिन मंत्रियों के विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली हैं या जिनकी प्रदर्शन में कमी रही है, उन्हें हटाया जा सकता है। साथ ही, यह भी संभावना जताई जा रही है कि महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दो चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं।

वहीं, मंत्रिमंडल विस्तार में 75 वर्ष की आयु सीमा का भी ध्यान रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश स्तर पर इस संबंध में फीडबैक भी लिया जा चुका है और अगले 8-10 दिनों में विस्तार की संभावना काफी प्रबल है।

भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची भी जल्द ही जारी होने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने हाल ही में कहा था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव और महाकुंभ के आयोजन की वजह से इस प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई थी। अब सभी अड़चनों का निस्तारण हो चुका है, और सूची जारी करने में कोई रुकावट नहीं है।

भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि जिलाध्यक्षों की सूची में देरी से जुड़े सवालों का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी है, जिसमें समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व है। खासतौर पर महिलाओं और अनुसूचित जाति समेत अन्य वर्गों के लिए समान अवसर दिए गए हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रखी जाएगी। इन बदलावों के साथ भाजपा राज्य में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की योजना बना रही है। राजनीतिक हलकों में यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस विस्तार से पार्टी को आगामी चुनावों में भी लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें-  देश के दिल मध्यप्रदेश में पर्यटन के स्वर्ण युग का हुआ आरंभ- मुख्यमंत्री मोहन यादव