दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.40 मीटर के करीब, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

KNEWS DESK – दिल्ली में बाढ़ के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने बुधवार को नई एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यमुना का जलस्तर आज रात 8 बजे तक 207.40 मीटर तक पहुंच सकता है। यह स्तर खतरे के निशान के बेहद करीब है, जिससे राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और गहरा गया है।

लगातार बढ़ रहा जलस्तर

सुबह 5 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 206.74 मीटर दर्ज किया गया। मंगलवार शाम तक यह 206.22 मीटर था। हथिनी कुंड बैराज से 1.70 लाख क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 1.25 लाख क्यूसेक और ओखला बैराज से 1.65 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी का बहाव और तेज हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि अगले 24-48 घंटे बेहद अहम होंगे।

CWC के अनुसार, ऊपरी राज्यों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई है, जिससे यमुना में पानी का प्रवाह तेज हो गया। मौसम विभाग ने भी अगले दो दिनों के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

प्रशासन अलर्ट पर

दिल्ली सरकार ने कहा है कि यमुना किनारे बसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहा है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने आईटीओ बैराज का दौरा किया और कहा कि “दिल्ली में 2023 जैसी स्थिति नहीं होगी, सरकार पूरी तरह अलर्ट पर है।”

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

यमुना का पानी कई निचले इलाकों में घुस चुका है। मयूर विहार फेज-1, यमुना बाजार और नजफगढ़ के झरोड़ा कलां गांव में हालात बिगड़ गए हैं। मंगलवार को झरोड़ा कलां में घुटनों तक पानी में फंसे 10 से अधिक लोगों को पुलिस और राहत दलों ने सुरक्षित निकाला और स्कूल में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाया।

लोगों को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राहत शिविरों में खाने-पीने और मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, ड्रोन से ली गई तस्वीरों में लोहा पुल और ओल्ड रेलवे ब्रिज इलाके में यमुना उफान पर दिख रही है।

CWC ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि रात 8 बजे के बाद जलस्तर बढ़ भी सकता है, स्थिर भी रह सकता है या गिर भी सकता है। यह स्थिति वजीराबाद और ओखला बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा पर निर्भर करेगी। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और यमुना किनारे न जाने की अपील की है।