पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: बीजेपी की चौथी लिस्ट जारी, 13 उम्मीदवारों का ऐलान, मयनागुड़ी सीट पर बदला चेहरा

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी चौथी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, साथ ही मयनागुड़ी सीट पर प्रत्याशी में बदलाव कर सभी को चौंका दिया है। बीजेपी द्वारा जारी इस नई सूची में सिताई सीट से आशुतोष बर्मा, नाटाबाड़ी से गिरिजा शंकर रॉय, बागदा से सोमा ठाकुर, मगरहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक, फालटा से देबांगशु पांडा और सोनारपुर उत्तर से देवाशीष धर को टिकट दिया गया है। वहीं चौरंगी से संतोष पाठक, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती, पंचला से रंजन कुमार पॉल, चंडीपुर से पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा और बाराबनी से अरिजीत रॉय को मैदान में उतारा गया है।

मयनागुड़ी सीट से बदला उम्मीदवार, अब दालिम रॉय को मौका

इस लिस्ट की खास बात यह है कि इसमें एक महिला उम्मीदवार को भी जगह दी गई है, जो पार्टी की महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की रणनीति को दर्शाता है। वहीं, मयनागुड़ी सीट पर बीजेपी ने उम्मीदवार बदलते हुए अब दालिम रॉय को टिकट दिया है, जिसे स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया बड़ा फैसला माना जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी इस सूची के साथ ही पार्टी ने अब तक कुल चार लिस्ट जारी कर दी हैं। इससे पहले पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवार, दूसरी में 111 और तीसरी सूची में 19 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे। चौथी सूची के बाद अब अधिकांश सीटों पर बीजेपी अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।

23 और 29 अप्रैल को होगी वोटिंग

चुनाव कार्यक्रम की बात करें तो पश्चिम बंगाल की कुल 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को 152 सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को 144 सीटों पर मतदान होगा। राज्य में 68 सीटें अनुसूचित जाति और 16 सीटें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो साल 2011 से ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार पश्चिम बंगाल में सत्ता में है। ऐसे में बीजेपी इस बार सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत झोंक रही है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बीजेपी और टीएमसी दोनों ही दलों ने तेजी से अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और चुनाव प्रचार भी जोर-शोर से शुरू हो चुका है। कई ऐसी सीटें हैं जहां बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी कई सीटों पर बेहद कम वोटों के अंतर से जीत-हार का फैसला हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *