दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदला मिज़ाज, सुबह की बारिश के बाद धूप ने दी राहत

KNEWS DESK- दिल्ली-एनसीआर में कल सुबह हुई हल्की बारिश ने ठंडक बढ़ा दी, जिससे लोगों को सर्दी का एहसास ज्यादा हुआ। हालांकि दोपहर के बाद खिली धूप ने मौसम को कुछ हद तक सुहावना बना दिया और लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन इस दौरान सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर के लिए कोई मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की उम्मीद जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी राज्यों से आ रही ठंडी और बर्फीली हवाओं के कारण अभी कुछ दिनों तक सर्दी का असर बना रहेगा। हालांकि फिलहाल दिल्ली के लिए शीतलहर की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का प्रभाव राजधानी की हवाओं में महसूस किया जा रहा है।

IMD के मुताबिक अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल जारी रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *