KNEWS DESK- उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के नतीजे जारी हैं और हर जिले से दिलचस्प परिणाम सामने आ रहे हैं। चमोली जिले की मंडल घाटी से सबसे कम उम्र के प्रधान के रूप में 23 वर्षीय नितिन चुने गए हैं। खास बात यह रही कि नितिन और उनके प्रतिद्वंदी रविन्द्र को बराबर – 139-139 वोट मिले, जिसके बाद टॉस के ज़रिए विजेता का फैसला हुआ। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद नितिन के गांव दशौली के बणद्वारा में जश्न का माहौल है।
चमोली जनपद की रानों वार्ड जिला पंचायत सीट पर भी मुकाबला रोचक बना हुआ है। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी की पत्नी रजनी भंडारी 158 वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष गजपाल तीसरे स्थान पर हैं। क्षेत्र के तीन गांवों की मतगणना अब भी जारी है, ऐसे में अंतिम परिणाम का इंतजार किया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग जनपद में भी पंचायत चुनाव के परिणाम लगातार आ रहे हैं। विकासखंड जखोली से निम्न ग्राम पंचायतों में जीत के नतीजे घोषित हुए:-
- स्यूर बांगर – माहेश्वरी देवी ने 258 वोटों से जीत हासिल की।
- कूडीअदूली (अनारक्षित सीट) – जगदीश सिंह ने 200 वोटों से जीत दर्ज की।
- बक्शीर – गीता देवी 229 वोटों से विजयी रहीं।
- भूनाल गांव – सीमा देवी ने 176 वोटों से जीत हासिल की।
देहरादून जिले के थानों कुड़ियाल गांव से राखी सिंह प्रधान पद के लिए निर्वाचित हुई हैं। जीत की घोषणा होते ही उन्होंने अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाया। ग्रामवासियों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।