UP: माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी का दावा, पिछली सरकारों में ठेके पर नकल होती थी, योगी सरकार में अब कोई सोच भी नहीं सकता

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने पहले दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जिया मऊ परीक्षा केंद्र का दौरा किया और परीक्षार्थियों का स्वागत फूलों से किया।

मंत्री ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में ठेके पर नकल की शिकायतें आती थीं, लेकिन योगी सरकार में नकल की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं ऐसा होता है, तो इसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो पहले कभी नहीं देखी गई। मंत्री ने परीक्षार्थियों से कहा, “आप हमारे भविष्य और देश का गौरव हैं। चिंता मुक्त होकर परीक्षा दें।”

इस दौरान मंत्री ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं को टीका चंदन करते हुए पेड़ा खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव के अनुसार, वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक पूरे प्रदेश में आयोजित की जा रही हैं।

हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा– प्रथम पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक, हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा, कुल 8,033 परीक्षा केंद्रों पर, 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत।

इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा– द्वितीय पाली 2:00 बजे से 5:15 बजे तक, हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा, 7,998 परीक्षा केंद्रों पर, 24,99,370 परीक्षार्थी पंजीकृत।

राज्य कंट्रोल रूम प्रभारी और संयुक्त शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल ने बताया कि लखनऊ से 75 जनपदों के सभी 8,033 परीक्षा केंद्रों की लाइव ऑनलाइन मॉनिटरिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

कुल मिलाकर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में 27,61,696 और इंटरमीडिएट में 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रदेश में स्थापित 8,033 परीक्षा केंद्रों में 596 राजकीय, 3,453 सहायता प्राप्त और 3,984 निजी विद्यालय शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाईटेक व्यवस्था की है, ताकि सभी छात्र पूरी शांति और उत्साह के साथ परीक्षा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *