KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश की राजधानी में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में उद्योग और समाज कल्याण समेत कई विभागों के दर्जनों प्रस्तावों पर चर्चा और पास होने की संभावना है। सभी संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिवों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।
इसी बीच, यूपी काडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी रजनीश चंद्र ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन किया है। उन्होंने 30 अप्रैल 2026 से निजी कारणों के आधार पर वीआरएस की मांग की है। वर्तमान में वे विशेष सचिव, ग्राम्य विकास के पद पर तैनात हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 तक शेष था। शासन सूत्रों के अनुसार, उनका आवेदन पत्र केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेज दिया गया है।
साथ ही, प्रमुख सचिव कार्मिक एम देवराज ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्यकर्मियों की वार्षिक प्रविष्टियों (Annual Confidential Report) ऑनलाइन लिखे जाने की प्रक्रिया की घोषणा की है। इसके तहत समूह क, ख और ग के अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 मई तक अपने स्व-मूल्यांकन की आख्या पोर्टल पर उपलब्ध करानी होगी। समूह घ के अधिकारियों की वार्षिक प्रविष्टि उनके नियंत्रक प्राधिकारी द्वारा दर्ज की जाएगी।
प्रतिवेदक, समीक्षक और स्वीकर्ता अधिकारी क्रमशः 31 जुलाई, 30 सितंबर और 31 दिसंबर तक अपनी टिप्पणियां दर्ज करेंगे। यदि निर्धारित अवधि तक संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर कमेंट नहीं करेंगे तो यह स्वतः आगे बढ़ जाएगा।
इसके अलावा, 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर चार घंटे का एआई संबंधित प्रशिक्षण (AI Learning) अनिवार्य किया गया है। कार्मिक विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी 7 व 8 अप्रैल को शाम 4 बजे से 6 बजे तक यह कोर्स पूरा करें, ताकि आधुनिक तकनीकी ज्ञान और एआई का प्रयोग सरकारी कार्यों में प्रभावी रूप से हो सके।
यह कदम प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, साथ ही अधिकारियों की कार्यकुशलता और एआई कौशल को बढ़ावा देने का भी प्रयास है।