UP Budget Session: आज से शुरू विधानमंडल का बजट सत्र, 11 फरवरी को पेश होगा बजट

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र कुल 10 दिनों तक चलेगा और 20 फरवरी को समाप्त होगा। साल का यह पहला सत्र होने के कारण राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के संयुक्त सदन में अभिभाषण से हुई, जिसमें उन्होंने सरकार के बीते एक साल के कार्यों, नीतियों और उपलब्धियों का खाका पेश किया।

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद हाल ही में पारित अध्यादेशों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। वहीं, हाल में दो विधायकों के निधन के चलते मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही केवल शोक प्रस्ताव तक सीमित रहेगी।

बजट सत्र का सबसे अहम दिन 11 फरवरी होगा, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सुबह कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बजट प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी जाएगी, जिसके बाद इसे विधानसभा में पेश किया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए इस बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कई नई घोषणाएं किए जाने की संभावना है। साथ ही सरकार अपने कुछ अधूरे वादों को पूरा करने की दिशा में भी कदम उठा सकती है।

बजट पेश होने के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 12 और 13 फरवरी को होगी। इसके बाद 16 से 18 फरवरी तक बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। 19 फरवरी से विभागवार बजट पारित कराने की प्रक्रिया शुरू होगी और 20 फरवरी को पूरे बजट पर मतदान कराया जाएगा।

बजट सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों से सदन में स्वस्थ और सकारात्मक चर्चा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रचनात्मक संवाद से ही प्रदेश का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान संभव है। सीएम ने यह भी कहा कि सदन की कार्यवाही बाधित न हो, यह सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने ‘विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश’ विजन डॉक्युमेंट–2047 को अंतिम रूप देने के लिए व्यापक चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया।

बजट सत्र के दौरान विपक्ष के तेवर तीखे रहने के संकेत हैं। सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत, वोटर लिस्ट के विशेष पुनरीक्षण अभियान समेत कई हालिया मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सदन में उतर सकता है। ऐसे में यह बजट सत्र सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस का गवाह बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *