KNEWS DESK- देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में यूनियन बजट 2026 पेश करेंगी। बजट से पहले वह अपने आधिकारिक आवास से निकलकर कर्तव्य भवन पहुंचीं। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। बजट को लेकर सरकार की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे देश की नजरें आज के आर्थिक फैसलों पर टिकी हुई हैं।
गौरतलब है कि पहले वित्त मंत्रालय का मुख्यालय नॉर्थ ब्लॉक में हुआ करता था, लेकिन अब इसे जनपथ स्थित कर्तव्य भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। यही वजह है कि इस साल बजट से जुड़ी सभी अहम गतिविधियां और प्रक्रियाएं कर्तव्य भवन से संचालित की जा रही हैं। इसे सरकार के प्रशासनिक ढांचे में एक बड़े और ऐतिहासिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री यहां वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रालय के शीर्ष अफसरों के साथ अंतिम बैठकों में शामिल होंगी। माना जा रहा है कि Union Budget 2026 में सरकार अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने, महंगाई से राहत, रोजगार सृजन और किसानों व मध्यम वर्ग को साधने के लिए कई अहम घोषणाएं कर सकती है।
अब कुछ ही घंटों में वित्त मंत्री संसद में बजट पेश करेंगी, जिसके जरिए सरकार आने वाले वित्त वर्ष की आर्थिक दिशा तय करेगी।