KNEWS DESK- केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आम बजट पेश किया। बजट में उन्होंने देश की आर्थिक वृद्धि, बुनियादी ढांचा और मिनरल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े प्रस्तावों का ऐलान किया।
इस साल बजट पेश करते समय निर्मला सीतारमण ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल जैसे राज्यों पर विशेष ध्यान दिया, जहां केरल को छोड़कर बाकी चार राज्यों में मार्च या अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने इन राज्यों के लिए कई इन्फ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं की घोषणा की।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में डेडिकेटेड मिनरल पार्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा केरल और तमिलनाडु में रेयर अर्थ कॉरिडोर स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि भारत की रेयर अर्थ पर चीन की निर्भरता कम करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
निर्मला सीतारमण ने कहा “रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट की स्कीम नवंबर 2025 में शुरू की गई थी। अब हम ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे मिनरल-समृद्ध राज्यों में माइनिंग, प्रोसेसिंग, रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए डेडिकेटेड रेयर अर्थ कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रखते हैं।”
वित्त मंत्री ने वाराणसी से सिलीगुड़ी तक रेल कॉरिडोर बनाने का भी प्रस्ताव रखा, जिससे पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच बेहतर कनेक्टिविटी और व्यापार में तेजी लाई जा सके।
इस बजट के जरिए सरकार का मकसद आर्थिक विकास, तकनीक आधारित उद्योग और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। मिनरल और रेयर अर्थ परियोजनाओं से देश की औद्योगिक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।