‘मेरा कत्ल करवाकर ही बच पाएंगे…’ प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर किया तीखा हमला

KNEWS DESK – दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अदालत के ताजा फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से कथित शराब घोटाले को लेकर उन पर और उनकी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाए जाते रहे, लेकिन अदालत के आदेश ने सब कुछ साफ कर दिया।

केजरीवाल ने भावुक अंदाज में कहा, “लोग पूछते हैं कि जेल से आने के बाद मैं गायब क्यों हो गया। मैं कोई साधारण नेता नहीं हूं, मुझे इन आरोपों से फर्क पड़ता है। आज मेरा दिल हल्का हो गया है। आपने सब कुछ करके देख लिया, लेकिन अरविंद केजरीवाल का कुछ नहीं बिगड़ा। अब तो एक ही तरीका है, या तो मेरी हत्या करवा दो या फिर हमसे ज्यादा स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक बनवा दो।”

“600 पेज के आदेश में सब स्पष्ट”

केजरीवाल ने कहा कि अदालत ने अपने विस्तृत आदेश में स्पष्ट किया है कि मुकदमा चलाने लायक पर्याप्त सामग्री नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया। “दिल्ली में हमें हरा नहीं सके, इसलिए हमारी ईमानदारी पर हमला किया गया। 100 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया, लेकिन एक भी ठोस सबूत पेश नहीं कर सके,” उन्होंने कहा।

पार्टी नेताओं ने भी जताया आभार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और दुर्गेश पाठक भी मौजूद रहे।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा के नेता लगातार कहते थे कि उनके पास पुख्ता सबूत हैं, लेकिन अब सवाल है— वे सबूत कहां हैं?

नेताओं ने अपने वकीलों, विशेष रूप से वरिष्ठ अधिवक्ताओं का आभार जताया और कहा कि न्यायपालिका ने साहस दिखाया है।

कांग्रेस और केंद्र सरकार पर भी निशाना

केजरीवाल ने कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अगर ईडी और सीबीआई की कार्रवाई निष्पक्ष थी, तो अन्य बड़े राजनीतिक नामों पर वैसी ही कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने कहा कि उनका परिवार और पार्टी के नेताओं के परिवारों ने बहुत कुछ सहा है, लेकिन असली नुकसान दिल्ली की जनता का हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अगर आज चुनाव हो जाएं तो भाजपा को दिल्ली में 10 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी।

“यह सिर्फ एक केस नहीं, सिस्टम की लड़ाई है”

केजरीवाल ने इसे सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को चुनौती देने की लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि अगर किसी राज्य में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी, तो क्या वहां के नेताओं को भी जेल में डाल दिया जाएगा?

उन्होंने दावा किया कि अदालत ने जांच अधिकारी के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में वे कानूनी रूप से आगे की कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *