शिव शंकर सविता- गुरुवार, 5 फरवरी को भारत में लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) अचानक डाउन हो गया, जिससे लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम करीब 4 बजे X की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर दिक्कतें सामने आने लगीं। डाउन रिपोर्ट्स पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, भारत के कई बड़े शहरों से एक्स के ठप होने की शिकायतें दर्ज की गईं। डाउन डिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, इस आउटेज से सबसे ज्यादा वेबसाइट यूजर्स प्रभावित हुए। करीब 64 फीसदी यूजर्स ने वेबसाइट से जुड़ी समस्या रिपोर्ट की, जबकि 23 फीसदी लोगों ने X ऐप में परेशानी की शिकायत की। वहीं 13 फीसदी यूजर्स का कहना है कि उन्हें लॉगइन और लॉगआउट करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अभी नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
भारत में X के डाउन होने की सबसे ज्यादा रिपोर्ट्स दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े महानगरों से सामने आई हैं। यूजर्स ने सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म्स पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बताया कि X की वेबसाइट पर पेज रिफ्रेश करने पर “Something went wrong. Try reloading” का मैसेज दिख रहा है। कई यूजर्स ने कहा कि बार-बार रीलोड करने के बावजूद फीड नहीं खुल रही है। हालांकि, इस तकनीकी खराबी को लेकर X की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आउटेज के कारणों का भी अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। टेक विशेषज्ञों का मानना है कि यह सर्वर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी या मेंटेनेंस से जुड़ा मामला हो सकता है।
सुबह इंस्टाग्राम का सर्वर हुआ था डाउन
गौरतलब है कि इसी दिन यानी 5 फरवरी की सुबह इंस्टाग्राम भी कुछ समय के लिए दुनियाभर में डाउन रहा था। उस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी डेस्कटॉप और ब्राउजर यूजर्स को हुई थी। ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे तक 10 हजार से ज्यादा यूजर्स ने इंस्टाग्राम आउटेज की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में इंस्टाग्राम की सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो गई थीं। एक ही दिन में दो बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के डाउन होने से यूजर्स के बीच चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिली। फिलहाल X के यूजर्स सर्विस बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं और कंपनी की ओर से आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।