KNEWS DESK – स्टैंड-अप कॉमेडियन और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ऐश्वर्या मोहनराज इन दिनों अपनी वेट लॉस जर्नी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में एक वीडियो शेयर कर खुलासा किया कि उन्होंने अपना वजन कम करने के लिए इंजेक्शन का सहारा लिया। इस ईमानदार कबूलनामे के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है। खास बात यह है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खान ने भी उनकी सराहना की है।
6 महीनों में 22 किलो वजन कम
ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में बताया कि उन्होंने करीब 6 महीनों में 22 किलो वजन घटाया है। उन्होंने कहा कि बचपन में वह काफी दुबली थीं और शादी से पहले उनका वजन लगभग 51 किलो था। लेकिन शादी के दौरान उनका वजन बढ़कर 64 किलो हो गया।
https://www.instagram.com/reels/DUZ7MJcDCIS/
उन्होंने आगे बताया कि पीसीओडी (PCOD) और हाइपोथायरायडिज्म जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनका वजन तेजी से बढ़ा। कई कोशिशों के बावजूद जब उन्हें मनचाहा परिणाम नहीं मिला तो उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर वेट लॉस इंजेक्शन ‘मौनजारो’ का इस्तेमाल शुरू किया। इसके बाद उनका वजन धीरे-धीरे कम होने लगा।
https://www.instagram.com/reels/DUmyfwTDPH8/
सच बोलने पर मिली तारीफ
जहां आमतौर पर सेलेब्स अपने वेट लॉस के पीछे की असली वजह छिपाते हैं और इसे सिर्फ डाइट और वर्कआउट का नतीजा बताते हैं, वहीं ऐश्वर्या ने खुलकर बताया कि उन्होंने मेडिकल ट्रीटमेंट का सहारा लिया।
सोहा अली खान ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, “ये वाकई हिम्मत की बात है। आखिरकार किसी ने साफ-साफ कहा कि उसने सिर्फ सही खाना और वर्कआउट नहीं बल्कि मौनजारो से वजन कम किया है। सच बोलने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।”
कौन हैं ऐश्वर्या मोहनराज?
ऐश्वर्या मोहनराज एक लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं। उन्होंने अपनी पहचान कॉमेडी शो ‘कॉमिकस्तान’ से बनाई, जहां वह पहले सीजन की टॉप 10 कंटेस्टेंट्स में शामिल थीं। इसके बाद उन्होंने सोलो स्टैंड-अप शो करने शुरू किए और सोशल मीडिया पर भी अपनी खास पहचान बना ली।