KNEWS DESK – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।
हालांकि भारत की इस ऐतिहासिक जीत के पीछे सिर्फ खिलाड़ियों या कोचिंग स्टाफ का ही नहीं, बल्कि एक ऐसे दिग्गज का भी अहम योगदान रहा, जो मैदान पर नजर नहीं आता। यह दिग्गज हैं टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर, जिनके कई बड़े फैसलों ने टीम को लगातार सफलता दिलाई।
अगरकर के कार्यकाल में तीन बड़ी ट्रॉफी
अजीत अगरकर ने 4 जुलाई 2023 को भारत के चीफ सेलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में जबरदस्त सफलता हासिल की है।
अगरकर के चयन कार्यकाल में भारत ने तीन बड़े आईसीसी टूर्नामेंट अपने नाम किए 2024 में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता। मार्च 2025 में न्यूजीलैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी जीती। 2026 में एक बार फिर न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इन सफलताओं ने अगरकर को भारतीय क्रिकेट प्रशासन में सबसे प्रभावशाली चयनकर्ताओं में से एक बना दिया है।
कप्तानी को लेकर लिया बड़ा फैसला
अगरकर के सबसे चर्चित फैसलों में से एक सूर्यकुमार यादव को टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान बनाना था। उस समय कई क्रिकेट विशेषज्ञों और फैंस का मानना था कि कप्तानी हार्दिक पंड्या को मिलनी चाहिए।
हालांकि अगरकर ने सूर्या पर भरोसा जताया और उनका यह फैसला अब सही साबित हुआ, क्योंकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब रही।
रोहित शर्मा को हटाने का फैसला भी रहा चर्चा में
अगरकर ने वनडे टीम की कप्तानी में भी बड़ा बदलाव किया। उन्होंने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी।
यह फैसला इसलिए भी बड़ा था क्योंकि रोहित की कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। इसके बावजूद चयन समिति ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया।
ईशान किशन का चयन बना मास्टरस्ट्रोक
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ईशान किशन का चयन भी अगरकर का अहम फैसला माना गया। टूर्नामेंट में ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन कर अपने चयन को सही साबित किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 के फाइनल तक भी पहुंची थी। हालांकि उस मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम के प्रदर्शन ने चयन समिति के फैसलों की मजबूती को दिखाया।