‘कल्कि 2’ की शूटिंग शुरू, अमिताभ बच्चन ने शेयर की पहली झलक

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों अपने करियर के सबसे व्यस्त दौर से गुजर रहे हैं। एक तरफ उनकी कई बड़ी फिल्में लाइन में हैं, तो दूसरी ओर हालिया रिलीज द राजा साब बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। हालांकि, इस झटके के बाद भी प्रभास ने रफ्तार धीमी नहीं की है।

‘स्पिरिट’ और ‘फौजी’ के बीच शुरू हुआ बड़ा प्रोजेक्ट

‘द राजा साब’ के बाद प्रभास ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट पर काम शुरू कर दिया। वहीं, इसी साल हनु राघवपुडी की फिल्म ‘फौजी’ भी रिलीज के लिए तैयार बताई जा रही है। इन सबके बीच अब एक और बड़ी खबर सामने आई है, कल्कि 2898 एडी के सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है।

अमिताभ बच्चन ने दी ‘कल्कि 2’ की पुष्टि

23 फरवरी को अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग के जरिए इस बात की पुष्टि की कि ‘कल्कि 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है। उन्होंने लिखा कि वे हैदराबाद में शूटिंग में व्यस्त थे, इसलिए रविवार को अपने घर के बाहर फैंस से नहीं मिल पाए।

ब्लॉग में बिग बी ने सेट से कुछ झलकियां भी साझा कीं, जिनमें वे अश्वत्थामा के किरदार में नजर आए। खास बात यह रही कि इस दौरान उनकी मुलाकात कमल हासन से भी हुई।

‘गिरफ्तार’ के बाद फिर साथ

अमिताभ बच्चन ने लिखा कि कमल हासन के साथ फिर से काम करना खास अनुभव है। दोनों दिग्गज कलाकार इससे पहले गिरफ्तार में साथ नजर आए थे। अब ‘कल्कि 2’ में दोनों एक बार फिर स्क्रीन शेयर करेंगे।

पहले पार्ट में कमल हासन का किरदार ‘सुप्रीम यास्किन’ सीमित समय के लिए दिखा था, लेकिन सीक्वल में उनके किरदार को पूरी तरह विस्तार से पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस बार कहानी में विलेन का रोल और भी दमदार और खतरनाक अंदाज में सामने आएगा।

दीपिका की जगह नई एंट्री?

पहले पार्ट में दीपिका पादुकोण अहम भूमिका में थीं, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वे सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। उनकी जगह साई पल्लवी की एंट्री की चर्चा है, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि बाकी है।

‘कल्कि 2898 एडी’ ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रिकॉर्ड बनाया था। ऐसे में ‘कल्कि 2’ से दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *