KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। इस हाई-प्रोफाइल केस में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
आगरा से दबोचा गया आरोपी
मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने 16 अप्रैल 2026 को फरार आरोपी प्रदीप कुमार रामसिंह जाठव उर्फ गाठ (22) को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि वह वारदात के समय मौके पर मौजूद था और फायरिंग करने वालों की मदद करने के साथ-साथ उन्हें उकसाने में भी शामिल था।
1 फरवरी को हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि 1 फरवरी 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद जुहू पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। बाद में केस को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया और इसमें मकोका (MCOCA) भी जोड़ा गया।
पहले ही 14 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में ही यह संकेत मिल गए थे कि यह हमला किसी संगठित आपराधिक साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसके चलते जांच को और तेज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को 17 अप्रैल को मुंबई की विशेष मकोका अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी, ताकि इस साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
पूरे ऑपरेशन को मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अंजाम दिया गया। अब जांच एजेंसियों का फोकस इस हमले के मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश के तार कहां तक जुड़े हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।