KNEWS DESK – फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना ने मुंबई से लेकर पुणे तक हड़कंप मचा दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पुणे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को पांच युवकों को हिरासत में लिया है. घटना शनिवार देर रात करीब 12:45 बजे की बताई जा रही है, जब जुहू स्थित एक 9 मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. हमलावरों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली इमारत में मौजूद जिम के शीशे में जा लगी.
घटना के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड में आ गई थी. रोहित शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई और इलाके में गश्त तेज कर दी गई. इसी बीच वर्जे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने एक विशेष ऑपरेशन के तहत पुणे के कर्वेनगर और ध्यारी इलाके से पांच संदिग्धों को पकड़ा. हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अमान आनंद मारोटे (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्नील बंडू सकट (23) के रूप में हुई है. पुलिस सभी से गहन पूछताछ कर रही है और इनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर भी शक
फायरिंग की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक साइंस और बैलिस्टिक्स एक्सपर्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं और सबूत इकट्ठा किए. मुंबई पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. शुरुआती जांच में पुलिस की शक की सुई कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर भी घूम रही है, क्योंकि इससे पहले सलमान खान के घर पर भी इसी तरह की फायरिंग हो चुकी है. हालांकि, अभी तक किसी भी गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और जांच शुरुआती चरण में ही है.
परिवार के साथ रहते हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी जुहू स्थित ‘शेट्टी टॉवर’ में अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं. सूत्रों के मुताबिक, इमारत में कुल आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और आने-जाने के लिए दो मुख्य गेट हैं. फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. फिलहाल इस पूरे मामले पर रोहित शेट्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.