ओडिया फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका, मशहूर म्यूजिक कंपोजर अभिजीत मजूमदार का निधन

KNEWS DESK – ओडिशा और ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर और डायरेक्टर अभिजीत मजूमदार का निधन हो गया है। उन्होंने 25 जनवरी 2026 की सुबह 54 वर्ष की उम्र में भुवनेश्वर में अंतिम सांस ली, जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से ओलिवुड यानी ओडिया सिनेमा और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

कई महीनों से चल रहा था इलाज

बताया जा रहा है कि अभिजीत मजूमदार पिछले कुछ महीनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार, वह हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज से पीड़ित थे। 24 जनवरी की रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

700 से ज्यादा गानों से बनाई पहचान

अभिजीत मजूमदार का संगीत करियर बेहद समृद्ध और प्रेरणादायक रहा। 1991 में कटक, ओडिशा में जन्मे अभिजीत ने बहुत कम उम्र में संगीत की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही अपनी अलग पहचान बना ली। उन्होंने ओडिया और संबलपुरी फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक एल्बम्स के लिए 700 से ज्यादा गानों की रचना की, जो दशकों तक श्रोताओं के दिलों में बसे रहे।

पर्सनल लाइफ की बात करें तो अभिजीत मजूमदार अपने पीछे पत्नी रंजीता मजूमदार और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनका परिवार इस मुश्किल घड़ी में गहरे सदमे में है।

सेलिब्रिटीज और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अभिजीत मजूमदार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य की संगीत और सांस्कृतिक विरासत के लिए बड़ा नुकसान बताया है। इसके अलावा कई कलाकारों, सिंगर्स, प्रशंसकों और क्षेत्रीय नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

अभिजीत मजूमदार ने ‘लव स्टोरी’, ‘सिस्टर श्रीदेवी’, ‘गोलमाल लव’, ‘सुंदरगढ़ रा सलमान खान’ और ‘श्रीमान सूरदास’ जैसी फिल्मों के लिए यादगार गाने दिए। उनका संगीत हमेशा ओडिया सिनेमा का अहम हिस्सा बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *