KNEWS DESK – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस वार्ता में पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “वादों और विज्ञापनों” की नहीं, बल्कि “परिणामों” की सरकार है। मुख्यमंत्री ने 15 साल की कांग्रेस और 11 साल की आम आदमी पार्टी सरकार पर पोस्टर और प्रचार की राजनीति करने का आरोप लगाया।
यमुना सफाई पर क्या बोलीं सीएम?
यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दशकों तक केवल घोषणाएं होती रहीं, लेकिन जमीनी सुधार नहीं हुए। उनका दावा है कि मौजूदा सरकार ने कार्यभार संभालते ही सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के अपग्रेडेशन, नालों की टैपिंग और नई परियोजनाओं पर काम तेज किया है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले कचरा प्रबंधन की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान नहीं दिया गया, जिससे कूड़े के पहाड़ खड़े हो गए। अब बायोमाइनिंग क्षमता कई गुना बढ़ाई गई है और लक्ष्य तय किया गया है कि प्रतिदिन उत्पन्न कचरे को उसी दिन प्रोसेस किया जाए।
शिक्षा और प्रशासनिक सुधार
शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने फीस रेगुलेशन कानून लागू करने को बड़ी उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इससे निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगी है और अभिभावकों को राहत मिली है। प्रशासनिक कार्यसंस्कृति पर उन्होंने कहा कि अब टकराव की जगह संवाद और समन्वय को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी, जबकि उनकी सरकार सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने दावा किया कि लंबित सहायता मामलों का निपटारा किया जा चुका है और आने वाले वर्षों में दिल्ली में व्यापक बदलाव दिखाई देगा।