एमएस धोनी ने आईपीएल 2026 से पहले संकेत दिया, नंबर-7 छोड़कर पहन सकते हैं नंबर-8 की जर्सी

KNEWS DESK- क्रिकेट जगत में महेंद्र सिंह धोनी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने तहलका मचा दिया है। भारत के पूर्व कप्तान और स्टार खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 से पहले संकेत दिया कि वह अपनी लंबे समय से पहचानी जाने वाली नंबर-7 जर्सी छोड़कर नंबर-8 पहन सकते हैं।

नंबर-7 सिर्फ एक अंक नहीं, बल्कि धोनी और उनके फैंस के लिए एक इमोशन बन चुका है। यह नंबर धोनी के जन्म के सातवें महीने की सात तारीख से जुड़ा है। लेकिन अब अपने आईपीएल करियर के अंतिम दौर में धोनी ने इस नंबर को बदलने का संकेत दिया है।

एमएस धोनी ने आईपीएल के पहले सीजन से ही चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए अपनी पहचान बनाई। केवल दो सीजन के लिए उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की जर्सी पहनी थी, जब CSK पर बैन लगा हुआ था। 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब धोनी केवल आईपीएल में खेलते हैं। माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 उनका प्लेयर के रूप में आखिरी सीजन हो सकता है।

धोनी ने अपने पोस्ट में कहा, “कुछ नंबर आपके साथ रहते हैं और नंबर-7 मेरे लिए उनमें से एक रहा है। लेकिन आज, मैं इसे बदलकर 8 कर रहा हूं।” पोस्ट में एक वीडियो भी शामिल था, जिसमें नंबर-7 की जर्सी नजर आती है, लेकिन कोई उसे उतारकर नंबर-8 की जर्सी टांग देता है। वीडियो में दिख रही जर्सी येलो रंग की नहीं बल्कि नीले रंग की है, जिसमें तिरंगे रंग की धारियां बनी हुई हैं।

साल 2023 में बीसीसीआई ने धोनी की नंबर-7 जर्सी को रिटायर कर दिया था। इससे पहले सचिन तेंदुलकर की नंबर-10 जर्सी भी रिटायर की जा चुकी थी। आईपीएल में धोनी का रिकॉर्ड बेहद शानदार है—278 मैचों में 242 पारियों में उन्होंने 5439 रन बनाए, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं।

फिलहाल फैंस इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि आखिर धोनी अपने करियर के अंतिम चरण में यह बड़ा बदलाव क्यों कर रहे हैं। धोनी ने पोस्ट में कहा कि इस फैसले का कारण जल्द ही सामने आएगा, जिससे क्रिकेट प्रेमियों की जिज्ञासा और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *