KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में भी इस टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।
भारत की जीत पर मोहम्मद आमिर का विवादित बयान
भारत की इस बड़ी जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का बयान चर्चा में आ गया है। आमिर ने भारत की जीत को न्यूजीलैंड की रणनीतिक गलतियों का नतीजा बताया है। उनका कहना है कि कीवी टीम के कुछ फैसले समझ से परे थे, जिसकी वजह से भारत को फायदा मिला।
एक पाकिस्तानी टीवी शो में बातचीत के दौरान मोहम्मद आमिर ने कहा कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी रणनीति काफी कमजोर रही। उन्होंने खासतौर पर कप्तान मिचेल सेंटनर के फैसलों पर सवाल उठाए और कहा कि टीम ने सही समय पर स्पिन गेंदबाजों का इस्तेमाल नहीं किया।
आमिर ने कहा, “जब टीम को पता था कि अभिषेक शर्मा स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ ज्यादा सहज नहीं हैं, तब भी न्यूजीलैंड ने स्पिन का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया। यह फैसला काफी हैरान करने वाला था।” उन्होंने यह भी कहा कि 2005 से न्यूजीलैंड क्रिकेट को फॉलो करने के बाद उन्होंने पहली बार टीम को इतने दबाव में खेलते देखा।
सोशल मीडिया पर आमिर की आलोचना
मोहम्मद आमिर ने टूर्नामेंट के दौरान भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंचेगा। हालांकि टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई और फिर न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ऐसे में भारत की जीत के बाद सोशल मीडिया पर फैंस आमिर की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
फाइनल में भारत का दमदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए शानदार बल्लेबाजी की।
संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए। ईशान किशन ने भी सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इसके अलावा शिवम दुबे ने 26 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
फाइनल में शानदार गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार मिला।