दिल्ली में ममता बनर्जी का बंगा भवन दौरा, SIR विवाद पर उठाए सवाल, चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को दिल्ली के बंगा भवन पहुंचीं और SIR (Special Identification Report) विवाद को लेकर सख्त बयान दिए। बनर्जी ने कहा कि दिल्ली पुलिस अपने दायित्वों का पालन करने में विफल रही है और उनके लोग लगातार वोटर लिस्ट से हटाए गए और अधिकार छीने जाने के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम उनकी आलोचना नहीं करेंगे क्योंकि यह उनकी गलती नहीं है। दिल्ली पुलिस की एक बस यहां लाई गई है। हमारी चुनाव आयोग में मीटिंग है और हम ऑफिशियल अपॉइंटमेंट लेकर आए हैं। हमने यहां 50 लोगों को बुलाया है जिन्हें SIR में ‘मृत’ घोषित किया गया था।”

हम जब दिल्ली आते हैं तो ब्लैक कार्पेट मिलता है- ममता बनर्जी

उन्होंने कहा कि अगर चाहतीं तो लाखों लोगों को भी बुलाया जा सकता था, लेकिन उन्होंने केवल उन लोगों को ही लाया जिनके परिवार ने इस प्रक्रिया के कारण अपने करीबी खो दिए। बनर्जी ने दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब दिल्ली में धमाका होता है, पुलिस कहां होती है? जब हम आते हैं तो दिल्ली डर जाती है।” ममता ने समाज और प्रशासन की तुलना करते हुए कहा, “हम जब गृह मंत्री को बंगाल में स्वागत देते हैं, उन्हें रेड कार्पेट दिया जाता है। लेकिन जब हम दिल्ली आते हैं, तो ब्लैक कार्पेट दिया जाता है। कृपया बंगाल के लोगों पर हो रहे अत्याचार और टॉर्चर को रोकें।” ममता बनर्जी ने इलेक्शन कमीशन और बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस याचिका में उन मामलों को उठाया गया है जहां SIR प्रक्रिया के दौरान लोगों की मौत हुई या उनके नाम गलती से मृत घोषित कर दिए गए। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।

आज शाम 4 बजे करेंगी मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से 4 बजे मिलने वाली हैं। इस मीटिंग में वे 15 सदस्यों के डेलिगेशन का नेतृत्व करेंगी, जिसमें मृतक लोगों के परिवार और गलती से ‘मृत’ घोषित किए गए वोटर शामिल हैं। ममता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चुनाव आयोग और संबंधित संस्थाओं के साथ बातचीत सकारात्मक नहीं हुई, तो वे अपने सांसदों और पीड़ित परिवारों के साथ दिल्ली में धरना प्रदर्शन कर सकती हैं।

प्रेस कांफ्रेंस कर खोलेंगी एसआईआर की पोल

ममता बनर्जी ने कहा कि वह मंगलवार को 3 बजे बंगा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। उनका लक्ष्य दिल्ली मीडिया को बताना है कि SIR प्रक्रिया से बंगाल में कितने लोगों को टॉर्चर और परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, “अगर इस देश में कोई नहीं लड़ेगा, तो मैं लड़ूंगी, हमारी पार्टी लड़ेगी। हमारा जन्म संघर्ष से हुआ है और हम अपने लोगों के हक के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *