किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जैश का एक आतंकी ढेर

KNEWS DESK – जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस एनकाउंटर में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया गया है, जबकि 2 से 3 आतंकियों के इलाके में घिरे होने की खबर है। पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और एक आतंकी को ढेर कर दिया। फिलहाल पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और हर आने-जाने वाली गाड़ी की सघन तलाशी ली जा रही है, ताकि कोई भी आतंकी बचकर न निकल सके।

उधमपुर में भी बड़ी कामयाबी

इससे पहले बुधवार (4 फरवरी) को ही उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी थी। यहां बसंतगढ़ इलाके में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया। बताया गया कि ये आतंकी एक गुफा में छिपे हुए थे, जिन्हें सेना, पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेर लिया था। मंगलवार (3 फरवरी) से ही सुरक्षाबल इन आतंकियों का पीछा कर रहे थे।

रामनगर के जाफर इलाके में हुए इस एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। इनमें एक M4 कार्बाइन और एक AK-47 राइफल शामिल है। अभियान के दौरान आतंकियों की तलाश और उन्हें निशाना बनाने के लिए पैराट्रूपर्स, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद ली गई।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश

सेना के अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल है। शाम करीब साढ़े सात बजे आतंकियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद इलाके में दोबारा भारी गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनी गईं। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किए गए और घेराबंदी को और मजबूत कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *