डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के गोविंदपुरम इलाके में बुधवार सुबह एक वयस्क तेंदुआ दिखने से हड़कंप मच गया। तेंदुआ कथित तौर पर ग्रीनफील्ड स्कूल के कैंपस में घुस आया और सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। एहतियातन स्कूल को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है, जबकि वन विभाग ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जिला वन अधिकारी ईशा तिवारी के अनुसार, सुबह करीब 7:50 बजे स्कूल प्रशासन ने वन विभाग से संपर्क कर सीसीटीवी फुटेज साझा किया। फुटेज की जांच में पता चला कि तेंदुआ पहली बार सुबह लगभग 5:15 बजे कैंपस में दिखाई दिया था। एक क्लिप में वह फूलों के गमलों के बीच से गुजरता दिखा, जबकि पीछे पार्किंग में कारें खड़ी थीं। दूसरी क्लिप में तेंदुआ स्कूल के मैदान संभावित एम्फीथिएटर एरिया में घूमता नजर आया।
स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी में हुआ रिकॉर्ड
स्थानीय निवासी गुरुचरण सिंह ने बताया कि वे सुबह 5:13 बजे अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग देख रहे थे, तभी उन्हें एक “अजीब जानवर” स्कूल की दिशा में जाता दिखा। करीब से देखने पर उन्हें एहसास हुआ कि वह तेंदुआ है। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। वन विभाग ने तत्काल टीम तैनात कर दी है और मेरठ से ट्रैंक्विलाइजिंग (बेहोश कर पकड़ने वाली) टीम भी बुलाई गई है। ड्रोन के जरिए कैंपस और आसपास के इलाकों की निगरानी की जाएगी ताकि तेंदुए की सटीक लोकेशन ट्रैक की जा सके। एहतियातन स्कूल परिसर और आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक लक्ष्य तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू कर जंगल में छोड़ना है।
स्कूल किया गया बंद, परीक्षाओं को बढ़ाया गया आगे
स्कूल की प्रिंसिपल सुमन कौशिक ने बताया कि जैसे ही स्टाफ को तेंदुए के दिखने की सूचना मिली, तुरंत वन विभाग से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि गोविंदपुरम ब्रांच इस साल सीबीएसई परीक्षा केंद्र नहीं है, फिर भी वार्षिक परीक्षा की तिथियां आगे बढ़ा दी गई हैं। सुबह करीब 8 बजे अभिभावकों को संदेश भेजकर अगली सूचना तक स्कूल बंद रखने की जानकारी दे दी गई। गोविंदपुरम और आसपास के इलाकों में पहले भी तेंदुए देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सितंबर 2023 में 47 PAC रिजर्व बटालियन कैंप में नाइट शिफ्ट के गार्डों ने तेंदुआ देखा था। मई 2023 में मोदीनगर के चुड़ियाला गांव में दिखे तेंदुए को पकड़कर सहारनपुर के जंगल क्षेत्र में छोड़ा गया था। इससे पहले फरवरी 2023 में गाजियाबाद कोर्ट परिसर में घुसे एक नर तेंदुए को कई घंटों की मशक्कत के बाद पकड़ा गया था, जिसमें दो वकीलों समेत छह लोग घायल हुए थे।