KNEWS DESK- टीम इंडिया के स्टार स्पिनर Kuldeep Yadav के लिए मार्च 2026 का महीना हमेशा के लिए यादगार बन गया है. एक तरफ उन्होंने टीम इंडिया के साथ टी20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न मनाया, तो दूसरी तरफ उन्होंने अपनी निजी जिंदगी की नई पारी भी शुरू कर दी. 14 मार्च को कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन Mussoorie में धूमधाम से शादी रचाई.
रविवार 9 मार्च को खेले गए ICC Men’s T20 World Cup के फाइनल में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद कुलदीप यादव सीधे मसूरी के लिए रवाना हो गए थे. यहां पहले से ही शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. कई दिनों तक चली मेहंदी, हल्दी और संगीत की रस्मों के बाद आखिरकार 14 मार्च को दोनों ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए.
कुलदीप और वंशिका की शादी मसूरी के मशहूर लग्जरी होटल The Savoy में आयोजित की गई. होटल को बेहद शानदार अंदाज में सजाया गया था. दिलचस्प बात यह है कि इसी होटल में पिछले साल भारतीय विकेटकीपर Rishabh Pant की बहन की शादी भी हुई थी.
शादी वाले दिन कुलदीप यादव घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर वेन्यू पहुंचे. इस दौरान बारात में शामिल उनके दोस्तों और टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया. कुलदीप के करीबी दोस्त Yuzvendra Chahal, Tilak Varma, Rinku Singh और टीम के फील्डिंग कोच T Dilip भी इस खास मौके पर मौजूद रहे.
एक ही हफ्ते में वर्ल्ड कप जीत और शादी—कुलदीप यादव के लिए यह समय किसी सपने से कम नहीं रहा. मैदान पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत भी कर दी है. फैंस और क्रिकेट जगत से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं और हर कोई इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं दे रहा है.