‘केदारनाथ मेरे लिए सुकून की जगह’, गैर-हिंदुओं की एंट्री विवाद के बीच सारा अली खान का पुराना बयान फिर वायरल

KNEWS DESK – उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर सख्त नियम लागू करने का फैसला लिया है, जिसके बाद हर तरफ इस पर बहस छिड़ गई है। इसी बीच एक्ट्रेस सारा अली खान का पुराना बयान फिर से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है BKTC का नया नियम?

मंदिर समिति के नए फैसले के मुताबिक अब केदारनाथ और बद्रीनाथ के मुख्य परिसर में वही गैर-हिंदू प्रवेश कर सकेंगे, जो सनातन धर्म में आस्था का औपचारिक शपथ पत्र (एफिडेविट) देंगे। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का कहना है कि यह कदम इन धामों की पवित्रता और परंपराओं को बनाए रखने के लिए उठाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये धार्मिक स्थल हैं, न कि सिर्फ पर्यटन केंद्र।

सारा अली खान का बयान क्यों हो रहा वायरल?

इस फैसले के बाद सारा अली खान का एक पुराना इंटरव्यू चर्चा में आ गया है। सारा, जो कई बार केदारनाथ मंदिर के दर्शन के लिए जा चुकी हैं, अक्सर इस वजह से ट्रोलिंग का शिकार भी हुई हैं।

अपने इंटरव्यू में सारा ने कहा था कि उनका केदारनाथ जाना पूरी तरह निजी और आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने कहा,
“मुझे वहां सुकून, शांति और खुशी मिलती है। मैं खुद को सबसे पहले भारतीय मानती हूं और किसी एक धर्म की सीमाओं में नहीं बांधती।”

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

BKTC के इस फैसले और सारा के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक तरफ लोग मंदिरों की परंपरा और नियमों का समर्थन कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आस्था और स्वतंत्रता से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *