बिहार में MLC चुनाव में मिली हार के बाद जनता दल यूनाइटेड यानी JDU ने इसकी समीक्षा की। JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में पार्टी के तीन हारे हुए उम्मीदवारों में से दो ने अपनी हार के लिए बीजेपी को भी जिम्मेदार ठहराया। बैठक के दौरान कुछ नेताओं ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने के लिए भी नारे लगाए।
Knews Desk – संजय झा ने कहा कि जिनके पिता 21 वर्षों तक मुख्यमंत्री और 16 वर्षों तक केंद्रीय मंत्री समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रहे, इसके बावजूद निशांत कुमार ने हमेशा सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत किया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी को निशांत की आवश्यकता महसूस हुई, तब उन्हें पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई।
संजय झा ने कहा कि जब से निशांत कुमार ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संभाला है, तब से विभाग में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने निशांत कुमार को शुद्ध हृदय का व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह जनसेवा के प्रति पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह ही समर्पित हैं।
उन्होंने कहा कि अपने दृढ़ निश्चय और सरल व्यवहार से निशांत कुमार बिहार के विकास का एक नया अध्याय लिख रहे हैं। जनसेवा के प्रति उनकी तत्परता और समर्पण दर्शाता है कि वह बिहार के उज्ज्वल भविष्य हैं।
बैठक प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें यह फैसला किया गया कि MLC चुनाव में जिन नेताओं ने पार्टी विरोधी काम किया है, उनके निष्कासन पर जल्द फैसला लिया जाएगा।
बैठक में चुनाव जीतने और हारने वाले उम्मीदवारों को बुलाया गया था। इसके साथ ही जिन जिलों में मतदान हुआ था, वहां के जिलाध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया। विधान परिषद की चार सीटों में से JDU को केवल पटना स्नातक सीट पर जीत मिली है। बाकी तीन सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है।
बैठक में चुनाव में हार के कारणों, संगठन की कमजोरियों और चुनाव के दौरान नेताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। तीन हारे हुए उम्मीदवारों में से दो ने अपनी हार के लिए बीजेपी को भी जिम्मेदार ठहराया।
बैठक से पहले JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बीजेपी से पार्टी का गठजोड़ फेविकोल की तरह है।
इससे पहले नीतीश कुमार ने अपने आवास पर आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। JDU की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार ने 7, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों से आत्मीय भेंट की, उनका कुशल-क्षेम जाना और सभी का उत्साहवर्धन किया।
MLC चुनाव में हार की समीक्षा के दौरान निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले नारे लगना भी चर्चा का विषय रहा। बैठक में संगठन की स्थिति, चुनावी प्रदर्शन और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।