KNEWS DESK- टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित ग्रुप मैच अब तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ मुकाबले के बॉयकॉट का अपना पहले का फैसला वापस ले लिया है। यह मैच 15 फरवरी 2026 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयोजित होगा।
दरअसल, पाकिस्तान ने यह फैसला पहले अपनी सरकार के निर्देश पर लिया था और भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ चली लंबी और गहन बातचीत के बाद पीसीबी ने अपने रुख में बदलाव किया।
हाल ही में आईसीसी के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा और मुबाशिर उस्मानी लाहौर पहुंचे थे, जहां उन्होंने पीसीबी अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। यह मीटिंग पीसीबी के अनुरोध पर बुलाई गई थी, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी शामिल हुए। माना जा रहा है कि बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने से जुड़े मुद्दों ने भी इस विवाद को और जटिल बना दिया था।
बैठक के दौरान आईसीसी ने साफ तौर पर पाकिस्तान को यह जानकारी दी कि यदि वह मैच खेलने से इनकार करता है तो उस पर भारी आर्थिक जुर्माना और अन्य कड़े परिणाम लगाए जा सकते हैं। इन संभावित पेनल्टी के बाद पीसीबी ने अपने फैसले पर दोबारा विचार किया और अंततः मैच खेलने पर सहमति जताई।
इस फैसले से दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट का सबसे बड़ा और रोमांचक मैच माना जाता है, जिसे करोड़ों दर्शक बेसब्री से देखते हैं। अब यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में अपने तय शेड्यूल के अनुसार खेला जाएगा।
वहीं, पाकिस्तान सरकार ने भी सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा कर इस फैसले की पुष्टि की है। पोस्ट में कहा गया है कि विभिन्न चर्चाओं, मित्र देशों की अपील और क्रिकेट की भावना को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने नेशनल टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी है। बयान में यह भी कहा गया कि यह निर्णय “स्पिरिट ऑफ क्रिकेट” की रक्षा करने और वैश्विक खेल के रूप में क्रिकेट की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।