KNEWS DESK – महाकुंभ से वायरल हुईं मोनालिसा और डायरेक्टर सनोज मिश्रा के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। जहां एक ओर मोनालिसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सनोज मिश्रा पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए, वहीं अब डायरेक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इन आरोपों पर अपनी सफाई दी है।
वीडियो जारी कर दी सफाई
सनोज मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुछ ताकतें उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं और इस पूरे मामले को गलत दिशा में ले जाया जा रहा है।
अपने बयान में सनोज मिश्रा ने कहा कि मोनालिसा को उनके खिलाफ भड़काया गया है। उनके मुताबिक, पहले मोनालिसा हमेशा उनके बारे में सकारात्मक बातें करती थीं, लेकिन अब अचानक आरोप लगाना कई सवाल खड़े करता है।
https://www.instagram.com/reels/DWTAk3sDGyb/
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मोनालिसा को आगे बढ़ने में मदद की और हमेशा उनका समर्थन किया। ऐसे में यह आरोप उनके लिए चौंकाने वाले हैं।
साजिश और दबाव का दावा
सनोज मिश्रा ने वीडियो में यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ एक बड़ी साजिश चल रही है और कुछ लोग उन्हें टारगेट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं और किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे।
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
डायरेक्टर ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो लोगों को उनके परिवार का साथ देना चाहिए।
मोनालिसा के आरोप और सनोज मिश्रा के जवाब के बाद यह मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने के बाद सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।