KNEWS DESK – पाकिस्तान में इन दिनों एक टीवी शो को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। दिग्गज अभिनेता Javed Sheikh का शो Jahannum Ba Rasta Jannat अचानक वायरल हो गया है और इंटरनेट पर इसे लेकर मीम्स की बाढ़ आ गई है।
वायरल क्लिप ने मचाई हलचल
दरअसल, शो का एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें इमोशनल बैकग्राउंड म्यूजिक, भारी-भरकम डायलॉग और बेहद ड्रामेटिक एक्सप्रेशन्स देखने को मिलते हैं। यही वजह है कि लोग इसे सीरियस लेने के बजाय मजाकिया अंदाज में शेयर कर रहे हैं।
कई यूजर्स ने इस शो की तुलना हाल ही में चर्चा में रही फिल्म Dhurandhar 2 से करते हुए इसे “पाकिस्तानी धुरंधर” तक कह दिया है।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू
इस शो में Bushra Ansari भी नजर आ रही हैं, लेकिन उनके लुक और डायलॉग डिलीवरी को लेकर भी लोग मजाक बना रहे हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि शो का ट्रीटमेंट इतना ज्यादा ओवरड्रामेटिक है कि यह गंभीर होने के बजाय हास्यास्पद लगने लगता है।
लोगों ने खास तौर पर एक्टर्स की हिंदी, उनके एक्सप्रेशन्स और खुफिया एजेंट्स के लुक्स को लेकर मीम्स बनाए हैं। कई एडिटेड वीडियो और फनी क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
डायलॉग्स भी बने मजाक का कारण
वायरल क्लिप में Javed Sheikh का एक डायलॉग, “पाकिस्तान का दिवाली भले ही ना निकले, लेकिन सोशल मीडिया पर पाकिस्तान का दिवाली कर दो” खूब चर्चा में है। इस पर आने वाला जवाब भी लोगों को उतना ही अजीब लगा, जिससे यूजर्स ने इसे लेकर मजेदार कमेंट्स करने शुरू कर दिए।
एक यूजर ने मजाक में लिखा, “बैकग्राउंड में अखंड भारत का नक्शा भी है, शानदार डिटेलिंग।” वहीं दूसरे ने कहा, “गलत धुरंधर डाउनलोड कर लिया।”
कई लोगों ने शो में इस्तेमाल हुई हिंदी पर भी चुटकी ली। एक यूजर ने लिखा, “इतनी शुद्ध हिंदी तो हमारे एजेंट भी नहीं बोलते,” जबकि किसी ने मजाक में पूछा, “महाभारत देखकर हिंदी सीखी है क्या?”