‘मां-बाप का इकलौता सहारा हूं’… UK07 Rider विवाद के बीच भाई कलम का इमोशनल पोस्ट

KNEWS DESK – मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों एक गंभीर विवाद और निजी संकट के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में कार एक्सीडेंट के बाद वह अस्पताल में भर्ती हैं और बताया जा रहा है कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने परिवार पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

परिवार पर लगाए थे गंभीर आरोप

अनुराग डोभाल ने कुछ समय पहले इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपने परिवार पर टॉर्चर करने के आरोप लगाए थे। इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए और उन्होंने सुसाइड अटेम्प्ट करने की भी कोशिश की थी। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस बड़ी संख्या में उनके समर्थन में सामने आए।

भाई ने आरोपों को बताया झूठा

हालांकि, अनुराग के भाई कलम इंक ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा करते हुए कहा कि अनुराग द्वारा लगाए गए आरोप सही नहीं हैं। इन वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई और कई लोगों ने अनुराग को ट्रोल भी करना शुरू कर दिया।

कलम इंक का नया इमोशनल पोस्ट

इसी बीच अब कलम इंक का एक और इमोशनल पोस्ट सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “इस टॉपिक पर मेरी तरफ से ये आखिरी रिएक्शन था। जो गलत होगा, उसका कर्मा उसे जरूर मिलेगा। आप और मैं कोई नहीं होते सच-झूठ साबित करने वाले। मैंने अपनी वीडियो में किसी पर आरोप नहीं लगाए और न ही कोई चैट या रिकॉर्डिंग लीक की है। मैंने सिर्फ अपनी सच्चाई सामने रखी है। अगर अब भी गाली देनी है तो दे दो, लेकिन जब ऐसी स्थिति आपके साथ आएगी तो आप भी वही करेंगे जो मैंने किया।”

मां-बाप को लेकर कही भावुक बात

अपने पोस्ट में कलम इंक ने अपने माता-पिता का जिक्र करते हुए लिखा कि वह उनके इकलौते सहारे हैं और वह हमेशा उन्हें गर्व महसूस कराने की कोशिश करेंगे। उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा, “सबको प्यार, सबको जीत।”

इस बीच सोशल मीडिया पर अस्पताल से एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें अनुराग डोभाल की पत्नी रीतिका चौहान नजर आई थीं। बताया जा रहा है कि रीतिका गर्भवती हैं और वह अपने पति से मिलने अस्पताल पहुंची थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *