KNEWS DESK – Istanbul में इजराइली दूतावास के पास हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। Turkey के बेसिक्टास इलाके में हुई इस घटना में तीन लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मारे गए तीनों लोग हमलावर थे।
दूतावास के पास मची अफरा-तफरी
घटना उस समय हुई जब कुछ संदिग्ध लोग दूतावास की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद करीब 10 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर इजराइली दूतावास की इमारत तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि उनका असली मकसद क्या था और क्या दूतावास ही निशाना था। बताया जा रहा है कि दूतावास पिछले करीब दो साल से बंद है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से वहां भारी पुलिस बल तैनात रहता है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई
स्थानीय मीडिया के अनुसार, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीनों हमलावरों को मार गिराया, जबकि एक अन्य हमलावर घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
तुर्की के गृह मंत्री Mustafa Ciftci ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है। वे इजमित से किराए की कार में इस्तांबुल पहुंचे थे। इनमें से एक का संबंध कथित तौर पर एक धार्मिक संगठन से था, जबकि दो आपस में भाई थे। उनमें से एक का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
जांच के आदेश
तुर्की के न्याय मंत्री Akin Gurlek ने इस मामले की जांच के लिए तीन अधिकारियों की नियुक्ति की है। उन्होंने कहा कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है और फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह हमला किसी विशेष मकसद से किया गया था या नहीं।
CNN Turk और अन्य स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। 2023 में Israel-Hamas War शुरू होने के बाद से ही इस इलाके में सुरक्षा पहले से ज्यादा सख्त थी।