KNEWS DESK – पूरे देश में धुरंधर 2 को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। 19 मार्च 2026 को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। 18 मार्च को इसके प्रीमियर शोज कई जगहों पर शुरू भी हो गए, लेकिन साउथ के दर्शकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है।
फिल्म के तेलुगू और तमिल वर्जन के प्रीमियर शोज आखिरी समय में रद्द कर दिए गए। इसकी वजह तकनीकी दिक्कतें और अंतिम समय में की गई एडिटिंग बताई जा रही है, जिसके चलते इन भाषाओं की फिल्म फाइल्स समय पर तैयार नहीं हो सकीं।
सेंसर के बाद बदले कई सीन
फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के सुझावों के बाद फिल्म में करीब 21 बड़े बदलाव किए हैं। खासतौर पर हिंसक दृश्यों में कटौती और एडिटिंग की गई, जिससे फिल्म के दूसरे हिस्से की फाइनल कॉपी समय पर नहीं पहुंच पाई।
जहां साउथ वर्जन प्रभावित हुआ, वहीं हिंदी प्रीमियर शोज तय समय के अनुसार 18 मार्च की शाम 5 बजे से शुरू हो गए। इससे हिंदी दर्शकों का उत्साह बरकरार रहा।
टिकट बुक करने वालों को राहत
जिन दर्शकों ने तेलुगू और तमिल शोज के लिए टिकट बुक किए थे, उनके लिए BookMyShow जैसे प्लेटफॉर्म्स ने रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुछ सिनेमाघरों में इन शोज को हिंदी वर्जन से रिप्लेस भी किया जा रहा है।
हालांकि इन दिक्कतों के बावजूद ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सभी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।