देवरियाः लव मैरिज से नाराज बहू ने सास को दीवार पर पटककर मार डाला, फिर लगा दी शव को आग, पुलिस ने किया बहू को गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका की बहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में कार्रवाई करते हुए पूछताछ शुरू कर दी है। बता दें यह पूरा मामला थाना सलेमपुर क्षेत्र के वार्ड नम्बर 4 सलाहाबाद (पिपरा मोहन) का है। यहां किराए के मकान में अपने बेटे और बहू के साथ रह रहीं सुनीता देवी का जला हुआ शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी साक्ष्य जुटाए।

बेटे की तहरीर पर बहू गिरफ्तार

मृतका के बेटे धनन्जय ने इस मामले में अपनी पत्नी रेशमा के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। उसी के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज आरोपी बहू रेशमा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

2 माह पूर्व ही की थी शादी

जानकारी के मुताबिक 2 महीने पहले धनंजय ने रेशमा नाम की युवती के साथ लव मैरिज की थी। युवक के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। उसकी मां भी बेटे की लव मैरिज का काफी विरोध कर रही थीं। मगर बेटे ने परिवार के खिलाफ जाकर रेशमा से शादी की और उसे अपने घर ले आया।

सास से लड़ाई के बाद सिर दीवार से टकराकर मार डाला

जानकारी करने पर पता चला कि बहू रेशमा से सुनीता का सुबह तकरार हुआ था। दोपहर में बहू ने सास की पिटाई कर दी थी। सास से विवाद के बाद बहू रेशमा ने गुस्से में सास के सिर को दीवार पर जोर से पटक दिया, जिसके बाद सास बेहोश हो गई। इतने में भी बहू नहीं रूकी और लगातार दीवार पर सिर पटकती रही। उसके बाद बहू ने सास के शरीर पर साड़ी रखकर आग लगा दी और भाग निकली। सास की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायट ने जुटाएं साक्ष्य

जानकारी देते हुए देवरिया अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद मौके का निरीक्षण कराया गया था। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से साक्ष्य जुटवाए गए। मृतका के बेटे द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।