दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, बजट से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, खालिस्तानी लिंक की जांच तेज

डिजिटल डेस्क- दिल्ली विधानसभा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ऐसे वक्त दी गई, जब कुछ ही घंटों बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बजट पेश करने वाली थीं। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पहला धमकी भरा ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक मेल पर भेजा गया। इसके कुछ ही मिनट बाद, 7:49 बजे दूसरा ईमेल विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को उनके निजी ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ। बताया जा रहा है कि यह दूसरी बार है जब उन्हें इस तरह की धमकी मिली है।

खालिस्तानी समर्थकों पर शक

सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थकों की ओर से भेजा गया है। ईमेल में कई हाई-प्रोफाइल नेताओं का जिक्र किया गया है, जिनमें उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा शामिल हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।

तुरंत एक्शन में आई सुरक्षा एजेंसियां

धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एंटी-सबोटाज जांच के तहत हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की सख्त चेकिंग की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। घटना के बाद जिन नेताओं का नाम धमकी भरे ईमेल में लिया गया है, उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पहले से ही ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसे और कड़ा किया गया है।

ईमेल के स्रोत की जांच

फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीमें ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। यह जांच की जा रही है कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। तकनीकी टीम ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर डिटेल खंगाल रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हर संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *