KNEWS DESK – ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के भाईपुर गांव में महाशिवरात्रि के दिन एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाली उजमा खान ने अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना के साथ शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाकर जलाभिषेक किया।
प्रेम के लिए उठाया आस्था का कदम
उजमा खान, जो रबूपुरा कस्बे की निवासी हैं, पिछले चार वर्षों से लोकेंद्र मीणा के साथ रिश्ते में हैं। लोकेंद्र हिंदू समुदाय से संबंध रखते हैं। उजमा का कहना है कि वह इस रिश्ते को विवाह का रूप देना चाहती हैं। इसी इच्छा के साथ उन्होंने भगवान शिव से मन्नत मांगी और महाशिवरात्रि के अवसर पर अनूपशहर से कांवड़ लाकर नानकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
उनका कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह उनका व्यक्तिगत है और इस पर किसी का कोई दबाव नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि वह प्रेम और विश्वास के आधार पर यह कदम उठा रही हैं।
मिली-जुली प्रतिक्रिया
मंदिर में जलाभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना को लेकर गांव में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। कुछ हिंदू संगठनों ने इस कदम का स्वागत किया, जबकि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने नाराजगी भी जाहिर की। हालांकि पूरे आयोजन के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बना रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
उजमा खान पहले से दो बच्चों की मां हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका रिश्ता सामाजिक और कानूनी रूप से मान्यता पाए। इसी कामना के साथ उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की।