KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरल के कोच्चि में आयोजित अखिल केरल धीवरा सभा के स्वर्ण जयंती सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध को लेकर चिंता जताई और कहा कि गल्फ में चल रही स्थिति से लोग स्वाभाविक रूप से चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि लाखों भारतीय वहां काम कर रहे हैं और भारत हर प्रयास कर रहा है कि अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों पर हमला
पीएम मोदी ने अपने भाषण में विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस वैश्विक संकट के बीच राजनीति कर रही है और जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है। उन्होंने क्षेत्रीय दलों एलडीएफ और यूडीएफ पर भी आरोप लगाए कि ये दोनों भ्रष्टाचार और विकास रोकने में साझेदार हैं।
प्रधानमंत्री ने मछुआरा समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय संकट के समय साहस और सेवा का परिचय देता है। उन्होंने 1999 की भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए बताया कि मछुआरा समुदाय ने जोखिम उठाकर लोगों की मदद की थी। पीएम मोदी ने कहा कि मछुआरा समुदाय देश की अर्थव्यवस्था में एक बड़ी ताकत है।
मत्स्य संपदा योजना के तहत 1,400 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री ने बताया कि मत्स्य संपदा योजना के तहत केरल को लगभग 1,400 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। इससे मछली पालन और ब्लू इकॉनमी के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दशकों तक इस समुदाय की अनदेखी हुई, लेकिन अब भाजपा-एनडीए सरकार इसकी क्षमता को पहचान रही है।
पीएम मोदी ने घोषणा की कि केंद्र सरकार ने केरल का नाम बदलकर केरलम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य के लोगों की लंबे समय से मांग को पूरा करता है।
करोड़ों के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने एर्नाकुलम में लगभग 10,800 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें शामिल हैं| कोच्चि रिफाइनरी में नई इकाई, जिससे प्लास्टिक और मेडिकल उपकरण के लिए कच्चा माल उपलब्ध होगा। मुंबई-कन्याकुमारी कॉरिडोर के तहत नई सड़कें और कोझिकोड बाईपास का उद्घाटन। ग्रामीण सड़कों, आधुनिक रेलवे स्टेशनों और कोल्लम में बड़े सौर ऊर्जा प्लांट की शुरुआत।
सामाजिक और आर्थिक विकास पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि अखिल केरल धीवरा सभा की 50वीं वर्षगांठ इस बात की याद दिलाती है कि समुदाय ने हमेशा सामाजिक सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े मुद्दों की जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने मछुआरा समुदाय और सभा के सदस्यों को बधाई दी और उनकी मेहनत और योगदान को सराहा।