KNEWS DESK – भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले को लेकर हाल ही में चिंताजनक खबर सामने आई, जब उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि वे चेस्ट इन्फेक्शन से जूझ रही हैं। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस दुनियाभर में उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।
इस बीच उनकी पोती जनाई भोसले ने हेल्थ अपडेट देते हुए भरोसा दिलाया है कि आशा ताई की हालत स्थिर है और वे जल्द ही ठीक होकर घर लौटेंगी।
8 दशक से ज्यादा का शानदार सफर
आशा भोसले का करियर भारतीय संगीत इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने 8 दशकों से ज्यादा समय तक इंडस्ट्री में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा है। कहा जाता है कि उन्होंने 11,000 से 12,000 तक गाने रिकॉर्ड किए हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इसी वजह से उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है।
बचपन में ही शुरू हुआ संगीत सफर
बहुत कम लोग जानते हैं कि आशा भोसले ने महज 10 साल की उम्र में ही अपना पहला गाना गा लिया था। उनका डेब्यू 1943 में मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ से हुआ, जिसमें उन्होंने ‘चला चला नव बाला’ गाया था। इस फिल्म का निर्माण मास्टर विनायक ने किया था और संगीत दत्ता दावजेकर ने दिया था। खास बात यह रही कि इस फिल्म में उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने अभिनय भी किया था।
https://www.youtube.com/watch?v=KDtUFydv3k8
बॉलीवुड में एंट्री और पहचान
आशा भोसले का हिंदी सिनेमा में सफर 1948 की फिल्म ‘चुनरिया’ से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने ‘सावन आया’ गाया। इसके बाद 1949 में फिल्म ‘रात की रानी’ में उनका पहला हिंदी सोलो गाना आया। हालांकि उन्हें असली पहचान 1953 में आई फिल्म ‘परिणीता’ के गानों से मिली, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
उम्र सिर्फ एक नंबर
92 साल की उम्र में भी आशा भोसले का संगीत के प्रति जुनून कम नहीं हुआ है। उन्होंने 91 साल की उम्र में भी गाना रिकॉर्ड किया था। उनका हालिया ट्रैक ‘सैंया बिना’, जिसे नितिन शंकर ने प्रोड्यूस किया, काफी पसंद किया गया। इस गाने में उनकी पोती जनाई भोसले भी नजर आई थीं और इसे यूट्यूब पर लाखों व्यूज मिल चुके हैं।