मिडिल ईस्ट तनाव के बीच Air India का बड़ा फैसला, दुबई, सऊदी अरब और कतर की सभी उड़ानें रद्द

KNEWS DESK – मिडिल ईस्ट में इजरायल-ईरान तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर सीधा असर पड़ा है। सुरक्षा हालात को देखते हुए एयर इंडिया ने दुबई, दोहा, रियाद और तेल अवीव समेत खाड़ी क्षेत्र की कई उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ के बाद बढ़ा जोखिम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल ने ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन रोअरिंग लायन’ शुरू किया है, जिसके बाद क्षेत्र में जवाबी कार्रवाइयों का दौर जारी है। कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद या सीमित कर दिया है। इसी बीच 28 फरवरी को तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को बीच रास्ते से ही भारत लौटना पड़ा।

किन-किन रूट्स पर असर?

एयर इंडिया ने जिन प्रमुख गंतव्यों पर सेवाएं रोकी हैं, उनमें शामिल हैं:

  • यूएई: दुबई, अबू धाबी
  • सऊदी अरब: रियाद, जेद्दा, दम्माम
  • कतर: दोहा
  • ओमान: मस्कट
  • इजरायल: तेल अवीव

एयरलाइन का कहना है कि हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है और स्थिति सामान्य होने पर सेवाएं बहाल की जाएंगी।

अन्य एयरलाइंस भी सतर्क

IndiGo ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर कहा है कि उसकी टीम ईरान और खाड़ी क्षेत्र के घटनाक्रम पर करीबी नजर रखे हुए है। सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट ऑपरेशन्स में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। प्रभावित यात्रियों को रजिस्टर्ड संपर्क विवरण पर समय-समय पर सूचना दी जाएगी।

एयरलाइंस ने प्रभावित रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों से घर से निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की अपील की है। कंपनियां रिफंड, री-शेड्यूलिंग और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम कर रही हैं ताकि असुविधा कम से कम हो।

यूरोप में भी बढ़ी चिंता

तनाव का असर पश्चिमी देशों पर भी दिख रहा है। ब्रिटेन ने ईरान से अपने स्टाफ को वापस बुलाया है। फ्रांस ने नागरिकों को इजरायल और वेस्ट बैंक की यात्रा से बचने की सलाह दी है। इटली ने अपने नागरिकों से ईरान छोड़ने को कहा है, जबकि जर्मनी ने इजरायल के लिए यात्रा गाइडलाइंस और सख्त कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *