KNEWS DESK – पाकिस्तानी एक्टर और सिंगर अली जफर इन दिनों अपने ईद लुक को लेकर चर्चा में हैं। दरअसल, उन्हें सोशल मीडिया पर उनके आउटफिट की वजह से काफी ट्रोल किया गया, जिसके बाद अब उन्होंने एक अलग अंदाज में लोगों से माफी मांगी है। उनका यह माफीनामा अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ईद लुक पर मचा बवाल
ईद के मौके पर अली जफर एक ट्रांसपेरेंट कुर्ता पहने नजर आए, जिसमें उन्होंने इनर शर्ट नहीं पहनी थी। इसके साथ उन्होंने पारंपरिक अज्रक धोती भी कैरी की थी। उनके इस लुक को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल किया और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।
अली जफर का सरकास्टिक माफीनामा
ट्रोलिंग के बाद अली जफर ने एक नोट शेयर करते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा, “मैं बिना बनियान के ट्रांसपेरेंट कुर्ता पहनने और ईद पर अज्रक धोती में पौधों को पानी देने जैसे गंभीर काम के लिए देश से माफी मांगना चाहता हूं। मुझे एहसास है कि यह हाल के समय का सबसे बड़ा राष्ट्रीय और वैश्विक मुद्दा बन गया है।”
https://www.instagram.com/p/DWQ-gijDKUE/?
उन्होंने आगे कहा कि वह कोशिश करेंगे कि ऐसी “गलती” दोबारा न हो। उनके इस तंज भरे अंदाज को कई लोगों ने मजेदार बताया, तो कुछ यूजर्स ने फिर भी उनकी आलोचना जारी रखी।
बॉलीवुड में भी बना चुके हैं पहचान
अली जफर ने न सिर्फ पाकिस्तान बल्कि भारत में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने साल 2010 में फिल्म ‘तेरे बिन लादेन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, जो हिट साबित हुई थी। इसके बाद वह ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’, ‘लंदन पेरिस न्यूयॉर्क’, ‘चश्मे बद्दूर’, ‘टोटल सियापा’ और ‘डियर जिंदगी’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
हालांकि अली जफर के सोशल मीडिया अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन उनके माफीनामे की तस्वीरें इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही हैं। फैंस उनके इस अंदाज को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।