KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर प्रियदर्शन की मच अवेटिड फिल्म भूत बंगला को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है। लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म की रिलीज डेट आखिरकार तय हो गई है, फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि 16 अप्रैल को इसका पेड प्रीव्यू रखा जाएगा।
इसी बीच मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज कर दिया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। अक्षय कुमार स्टारर इस फिल्म में कॉमेडी, हॉरर और सस्पेंस का जबरदस्त तड़का देखने को मिल रहा है।
ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी माहौल से होती है, जहां ‘वधूसुर’ नाम का खतरनाक किरदार कहानी के केंद्र में नजर आता है। फिल्म की टैगलाइन, “यहां न तो लोग नॉर्मल हैं… ऊपर से बंगला भी पेरानॉर्मल है”, कहानी के टोन को साफ तौर पर बयां करती है।
ट्रेलर में अक्षय कुमार एक बार फिर अपने पुराने कॉमिक अंदाज में लौटते दिख रहे हैं, जिसे देखकर फैंस खासे उत्साहित हैं। उनके मजेदार डायलॉग्स और कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने का वादा करते हैं।
वहीं तबू का किरदार फिल्म में सस्पेंस का अहम तड़का जोड़ता नजर आ रहा है। ट्रेलर में उनकी मौजूदगी कहानी को और भी दिलचस्प बना देती है। इसके अलावा परेश रावल, वामिका गब्बी, मिथिला पालकर और दिवंगत अभिनेता असरानी भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
करीब तीन मिनट के इस ट्रेलर में सभी कलाकारों की झलक दिखाई गई है, जो फिल्म की मल्टीस्टारर अपील को और मजबूत बनाती है। खास बात यह है कि फिल्म में हॉरर और कॉमेडी का संतुलन बनाए रखने की कोशिश साफ नजर आती है।