पवन सिंह के नाम पर 14 लाख की ठगी! आजमगढ़ में 4 आरोपियों पर केस दर्ज

KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई निजी विवाद नहीं बल्कि उनके नाम पर हुई लाखों की ठगी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक म्यूजिक शो के नाम पर 14 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शो के नाम पर 14 लाख की ठगी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेठी जिले के गजनपुर गांव निवासी दिव्यांशु सिंह उर्फ कबीर ने आरोप लगाया है कि भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बड़े म्यूजिकल शो में बुलाने का झांसा देकर उनसे 14 लाख रुपये वसूले गए। शो की तारीख 31 दिसंबर 2024 तय की गई थी।

दिव्यांशु पेशे से म्यूजिक आर्टिस्ट हैं और लखनऊ में क्लब और रेस्टोरेंट में परफॉर्म करते हैं। उन्होंने बताया कि एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नाम के लोगों से हुई, जहां बड़े स्तर के शो की प्लानिंग बनी। इसी दौरान पवन सिंह को बतौर मुख्य कलाकार बुलाने की बात तय हुई।

ऐसे बुना गया जाल

दिव्यांशु के मुताबिक, उन्होंने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का सीधा संपर्क पवन सिंह से है और वे बुकिंग करवा सकते हैं। पूरे कार्यक्रम का खर्च 14 लाख रुपये बताया गया।

पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने 9 लाख रुपये एडवांस दिए और बाद में व्यवस्थाओं के नाम पर करीब 5 लाख 1 हजार रुपये और ट्रांसफर किए। बताया जा रहा है कि रकम निहाल की मां के बैंक अकाउंट में भेजी गई।

मैनेजर से बात के बाद खुला राज

जब शो की तारीख नजदीक आई तो दिव्यांशु ने पवन सिंह की टीम से सीधे संपर्क किया। वहां से उन्हें पता चला कि ऐसी कोई बुकिंग नहीं हुई है। पवन सिंह के मैनेजर ने किसी भी तरह की डील से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद हो गए, जिससे ठगी का शक पुख्ता हो गया।

मामले की शिकायत एसएसपी से की गई, जिसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *