KNEWS DESK – तुर्की एयरलाइंस का एक यात्री विमान बुधवार (4 फरवरी) को एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। उड़ान के दौरान विमान के इंजन में आग लगने की सूचना मिलते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए कोलकाता एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी 236 यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कोलकाता के हवाई क्षेत्र में सामने आई तकनीकी खराबी
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-727 नेपाल के काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल के लिए रवाना हुई थी। जब यह विमान कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तभी पायलट को इंजन के एक हिस्से से आग लगने के संकेत मिले। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया।
इमरजेंसी लैंडिंग, अलर्ट पर रहीं राहत टीमें
ATC से अनुमति मिलते ही विमान को पूरी सतर्कता के साथ रनवे पर उतारा गया। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य आपातकालीन सेवाएं पहले से ही एयरपोर्ट पर तैनात कर दी गई थीं। लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल पर ठहराया गया है, जबकि विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि इंजन में आग यांत्रिक खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।