कोलंबिया में दर्दनाक विमान हादसा, कालॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस क्रैश में 66 की मौत, टेकऑफ फेलियर पर उठे गंभीर सवाल

डिजिटल डेस्क- दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा सामने आया, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। वायु सेना कालॉकहीड सी-130 हरक्यूलिस विमान टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 66 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इस विमान में कुल 125 लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी शामिल थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में करीब 110 सैनिक मौजूद थे। हादसे की पुष्टि करते हुए कोलंबिया के रक्षा मंत्री ने बताया कि यह विमान दक्षिणी कोलंबिया में उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

टेकऑफ के दौरान ही बिगड़ी स्थिति

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान रनवे से उड़ान भरने के बाद जरूरी ऊंचाई हासिल नहीं कर पाया और कुछ ही सेकंड में तेजी से नीचे गिर गया। टेकऑफ के दौरान इस तरह की विफलता को विमानन क्षेत्र में बेहद खतरनाक माना जाता है, क्योंकि उस समय पायलट के पास प्रतिक्रिया देने के लिए बहुत कम समय होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि टेकऑफ उड़ान का सबसे संवेदनशील चरण होता है। इस दौरान विमान को भारी वजन के साथ तेजी से गति पकड़ते हुए सही एंगल पर ऊपर उठना होता है। अगर इसमें थोड़ी भी गड़बड़ी हो जाए, तो हादसा टालना मुश्किल हो जाता है।

अहमदाबाद हादसे से चौंकाने वाली समानता

इस हादसे ने भारत के अहमदाबाद में पिछले साल हुए विमान हादसे की यादें ताजा कर दी हैं, जहां एयर इंडिया का विमान भी टेकऑफ के तुरंत बाद संतुलन खो बैठा था। दोनों घटनाओं में सबसे बड़ी समानता यह है कि विमान पर्याप्त ऊंचाई हासिल करने से पहले ही नीचे गिर गए। एविएशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह समानता महज संयोग नहीं हो सकती, बल्कि इसके पीछे कोई तकनीकी या प्रक्रियात्मक खामी हो सकती है, जिसकी गहराई से जांच जरूरी है।

संभावित कारणों पर नजर

प्रारंभिक विश्लेषण में कई संभावित कारण सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख है इंजन फेलियर। टेकऑफ के दौरान यदि एक या अधिक इंजन सही तरीके से काम न करें, तो विमान को पर्याप्त लिफ्ट नहीं मिलती और वह नीचे गिर सकता है। इसके अलावा वजन संतुलन (Weight Distribution) में गड़बड़ी भी एक अहम कारण हो सकती है। यदि विमान के अंदर भार का सही वितरण न हो, तो टेकऑफ के दौरान उसका संतुलन बिगड़ सकता है। तकनीकी खामियों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। आधुनिक विमान पूरी तरह सेंसर और ऑटोमैटिक सिस्टम पर निर्भर होते हैं। अगर इनमें से किसी सिस्टम से गलत डेटा मिले, तो पायलट के लिए सही निर्णय लेना मुश्किल हो जाता है।

मानवीय त्रुटि भी हो सकती है वजह

विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि हादसों में मानवीय गलती की भूमिका को पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता। टेकऑफ स्पीड का गलत आकलन, रनवे की स्थिति का गलत अंदाजा या मौसम की जानकारी में चूक भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है और इसके लिए आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ब्लैक बॉक्स से खुलेगा राज

अब इस पूरे हादसे की सच्चाई जानने के लिए जांच एजेंसियों की नजर विमान के ब्लैक बॉक्स पर टिकी है। ब्लैक बॉक्स में रिकॉर्ड डेटा से यह पता चलता है कि हादसे से पहले विमान के सिस्टम कैसे काम कर रहे थे और पायलट के बीच क्या बातचीत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *