KNEWS DESK- PM मोदी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “Mann Ki Baat” आज अपने 132वें एपिसोड के साथ एक बार फिर देशवासियों से जुड़ने जा रहा है। साल 2026 में यह कार्यक्रम का तीसरा प्रसारण होगा, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस बार के एपिसोड में प्रधानमंत्री देश और दुनिया से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वे मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष और उसके वैश्विक प्रभाव, खासकर तेल और गैस की कीमतों पर पड़ने वाले असर पर चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा, देश के सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए Ambedkar Jayanti और Baisakhi जैसे महत्वपूर्ण अवसरों का भी जिक्र संभव है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह एपिसोड अहम माना जा रहा है, क्योंकि अप्रैल में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील कर सकते हैं। इस तरह “मन की बात” के जरिए वे लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश देने की कोशिश करेंगे।
इससे पहले 22 फरवरी को प्रसारित एपिसोड में प्रधानमंत्री ने आधुनिक तकनीक और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े मुद्दों को उठाया था। उन्होंने AI Summit, ऑर्गन डोनेशन और बढ़ते साइबर क्राइम जैसे विषयों पर विस्तार से बात की थी। साथ ही, नए स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं और इस क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की सराहना करते हुए उन्हें देश की प्रगति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था।
“मन की बात” के जरिए प्रधानमंत्री समय-समय पर देशवासियों से सीधे संवाद करते हैं और विभिन्न मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रेरणा देने का प्रयास करते हैं। आज का एपिसोड भी कई महत्वपूर्ण संदेशों और विचारों से भरपूर होने की उम्मीद है।