KNEWS DESK- ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार को राजधानी लखनऊ में ‘गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ का शंखनाद करेंगे। इस मौके पर वे आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक उपवन में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से पहुंचे धर्माचार्य, साधु-संत और गो रक्षक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
सभा को लेकर मंगलवार से ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों से संत समाज और गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचने लगे थे। शंकराचार्य इन दिनों गौ रक्षा आंदोलन को लेकर चर्चा में हैं। वे लगातार गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग उठा रहे हैं और इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने ‘गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा’ शुरू की है।यह यात्रा सात मार्च को वाराणसी से शुरू हुई थी और 11 मार्च को लखनऊ में इसका समापन होना है। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर सभाएं और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
हालांकि इस यात्रा को लेकर विवाद भी सामने आया है। शंकराचार्य की यात्रा को रोकने की मांग को लेकर एक धर्माचार्य के शिष्य ने सोमवार को जिला अदालत के स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। याचिका में मांग की गई है कि शंकराचार्य को सीतापुर पहुंचने से रोका जाए।प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि जिन बटुकों की ओर से बयान दर्ज कराए गए हैं, वे यात्रा के रास्ते में पड़ने वाले पड़ोसी जिले के निवासी हैं और यात्रा को लेकर भय का माहौल होने की बात कह रहे हैं। अदालत ने इस मामले में 13 मार्च को सुनवाई की तारीख तय की है।