KNEWS DESK- असम विधानसभा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बारपेटा में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने सभा में जुटी भारी भीड़ को देखकर उत्साह जताया और लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस जोश और उमंग को उन्होंने पूरे असम में देखा, वह अद्भुत है और बारपेटा का मैदान पूरी तरह भर चुका है। मोदी ने कहा कि गुजरात में वर्षों तक काम करने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोग नहीं जुट पाते, लेकिन असम की जनता ने रिकॉर्ड कायम किया है।
रैली में पीएम मोदी ने बीजेपी की जीत का दावा किया और कहा कि इस बार असम में बीजेपी-एनडीए की हैट्रिक तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार जो दिल्ली में बैठे हैं, उनकी हार की सेंचुरी भी असम की जनता बनाएगी। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार असम को उस बुलंदी की ओर ले जाएगी, जिसके लिए असम के लोग हकदार हैं।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी घुसपैठियों के पक्ष में काम कर रही है और अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस असम में ऐसा कानून बनाना चाहती है, जिससे घुसपैठियों का समर्थन किया जा सके और उन्हें पीड़ित घोषित किया जा सके। पीएम मोदी ने कहा कि जनता का सही वोट कांग्रेस की इन हरकतों को नाकाम करेगा और असम की सुरक्षा एवं विकास की राह को सुनिश्चित करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभा में यह भी जोर दिया कि असम के लोग विकास और सुरक्षा की दिशा में अपने वोट से सही निर्णय देंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बीजेपी-एनडीए को वोट दें ताकि प्रदेश को स्थिरता, सुरक्षा और समृद्धि की ओर अग्रसर किया जा सके।