डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रदेश कार्यालय में अपने पहले बयान में कार्यकर्ताओं के प्रति विश्वास और प्रतिबद्धता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में ही यह संभव है कि एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा मिल सके। पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया, “यहाँ कोई वाद नहीं है, न परिवारवाद है और न ही जातिवाद। संगठन के लिए केवल कार्यकर्ताओं का योगदान और उनकी भक्ति मायने रखती है।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके लिए सर्वोपरि हैं और उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके लिए वे पूरी ताकत से लड़ेंगे, अड़ेंगे और उनकी बात भी सुनेंगे। उन्होंने संगठन की सफलता के लिए चार महत्वपूर्ण तत्वों पर जोर दिया: कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और कोष। उनका कहना था कि यही चार स्तंभ संगठन को मजबूत बनाएंगे और जनता तक योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद करेंगे।
भी कार्यकर्ताओं के अनुभवों और सुझावों का पूरी तरह उपयोग किया जाएगा- पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य नियम बनाने या केवल आदेश देने का नहीं है, बल्कि भूमिका निभाने और संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय को प्रमुखता देने का है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कार्यकर्ताओं के अनुभवों और सुझावों का पूरी तरह उपयोग किया जाएगा, ताकि संगठन के निर्णय और कार्यक्रम अधिक प्रभावशाली और वास्तविक ज़मीनी स्तर पर कारगर साबित हों। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय की सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चरितार्थ किए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा की नीतियाँ और योजनाएँ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले गोरखपुर का नाम सुनकर लोग पीछे हट जाते थे, लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और कामकाज की वजह से लोग सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश का काया कल्प कर दिया है और जनता के जीवन में सुधार के लिए कई योजनाएँ प्रभावी रूप से लागू की हैं।
भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि सक्रिय और सहयोगपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करना- पंकज चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी का यह पहला संदेश स्पष्ट रूप से संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और टीम वर्क पर विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी कार्यक्रमों और पहलों में कार्यकर्ताओं का सहयोग और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि जनता तक योजनाओं और सेवाओं का सही तरीके से वितरण करना है, और इसके लिए कार्यकर्ता ही असली शक्ति हैं।